सारंगढ़- बिलाईगढ़:
सारंगढ़ विकासखंड के लालधुर्वा, धौराभांटा सहित आसपास के ग्रामों में प्रस्तावित ओपन खदान को लेकर ग्रामीणों में फिर से गुस्से की उबाल है। पहले भी 14 सितंबर को आयोजित जनसुनवाई में भारी विरोध के कारण प्रशासन को सुनवाई स्थगित करनी पड़ी थी, लेकिन अब पर्यावरण संरक्षण मंडल रायगढ़ द्वारा 31 अक्टूबर को जारी पत्र के अनुसार ग्रीन सनस्टेबल कंपनी की जनसुनवाई 17 नवंबर 2025 को मुढ़िडीह गौठान, कपिसदा (ब) में पुनः निर्धारित की गई है।
ग्रामीणों ने जनसुनवाई की तारीख तय होने के बाद से ही कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि वे किसी भी हाल में अपनी जमीन खदान के लिए नहीं देंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान खुलने से पर्यावरण, खेती और जनजीवन पर गहरा असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जनसुनवाई तुरंत स्थगित करने की मांग की है, अन्यथा कलेक्टर कार्यालय का घेराव और उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का साफ कहना है —
“हम जमीन नहीं देंगे, खदान नहीं खुलने देंगे। अगर जनसुनवाई रद्द नहीं हुई तो जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”
? अब देखना होगा कि प्रशासन जनता की मांग सुनता है या विरोध की आग और भड़कती है।


