पैदल बाजार का भ्रमण कर खरीदे दीपावली के घरेलू, पूजन एवं सजावट के सामान
जिलेवासियों से स्थानीय उत्पाद अपनाने और छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करने की अपील
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 7 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के अवसर पर स्थानीय छोटे व्यापारियों, कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों को प्रोत्साहित करने तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना के अनुरूप कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू आज सारंगढ़ के जयस्तंभ चौक स्थित बाजार पहुंचीं। उन्होंने पैदल बाजार का भ्रमण किया और वहां लगी छोटी-छोटी दुकानों से दीपावली के लिए आवश्यक घरेलू, पूजन एवं सजावट की सामग्री खरीदी। कलेक्टर ने मिट्टी के दीये, फूल-मालाएं, भगवान श्रीगणेश और माता लक्ष्मी की मूर्तियां सहित त्योहार से जुड़ी अन्य सामग्री लेकर स्थानीय दुकानदारों का उत्साह बढ़ाया।
बाजार भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने दुकानदारों से आत्मीयता से बातचीत की और उनके व्यवसाय, दीपावली की तैयारियों तथा बिक्री के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय दुकानों से स्वयं खरीदारी कर यह संदेश दिया कि त्योहारों पर स्थानीय उत्पादों और छोटे व्यापारियों को प्राथमिकता देने से पर्व की खुशियों का लाभ उन परिवारों तक भी पहुंचता है, जो अपनी मेहनत और हुनर से सामग्री तैयार कर बाजार में बेचते हैं।
कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे दीपावली की खरीदारी स्थानीय छोटे व्यापारियों, कुम्हारों और कारीगरों से करें। बाजार में उपलब्ध स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और अपने आसपास के दुकानदारों को आगे बढ़ने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीये और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार सामग्री खरीदने से पारंपरिक कला एवं संस्कृति को संरक्षण मिलता है। साथ ही इन उत्पादों से जुड़े परिवारों को रोजगार और आर्थिक संबल मिलता है।
उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों की मेहनत और उनके स्थानीय उत्पाद स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जब नागरिक उनसे खरीदारी करते हैं, तो उसका सीधा लाभ व्यापारी परिवारों तक पहुंचता है। इससे उनके व्यवसाय को मजबूती मिलती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलता है। ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना स्थानीय उत्पादों को अपनाने, स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में सामूहिक योगदान देने का संदेश देती है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी नागरिकों को दीपावली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने नागरिकों से पर्व को उत्साह और आपसी सद्भाव के साथ मनाने तथा स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी कर उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का आग्रह किया।
कलेक्टर के पैदल बाजार पहुंचकर खरीदारी करने और दुकानदारों से संवाद करने से जयस्तंभ चौक के व्यापारियों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। छोटे विक्रेताओं ने कहा कि जिले की कलेक्टर का स्वयं बाजार आकर उनसे सामान खरीदना और उनके व्यवसाय को प्रोत्साहित करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। दीपावली के अवसर पर बाजार में हुई इस पहल ने स्थानीय उत्पादों को अपनाने और छोटे व्यापारियों का मनोबल बढ़ाने का संदेश दिया।
