


‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ की थीम पर रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता से बढ़ा जनभागीदारी का रंग
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के दिशा-निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ भाव को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय भावना, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए आकर्षक रंगोलियां सजाईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च शिक्षा विभाग को नोडल विभाग के रूप में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से ‘रंगोली राष्ट्र’ गतिविधि आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ अभियान में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की भावना को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री ज्योति पटेल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार जायसवाल, प्रतिष्ठित नागरिक श्री अरविंद हरिप्रिया सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
प्रतियोगिता में संगीता निषाद एवं समूह ने प्रथम, गौरी जायसवाल एवं समूह ने द्वितीय तथा पुष्पांजलि चंद्रा एवं समूह और यशोदा यादव ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक के रूप में श्री डी.पी.एस. पैकरा, सुश्री प्रिया पाटले एवं श्रीमती हेमलता सिदार ने अपनी भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. एल.एस. पटेल तथा सहायक नोडल अधिकारी श्री एस.सी. नेताम के दिशा-निर्देशन में विकासखंड नोडल एवं कार्यक्रम अधिकारी श्री यू.आर. पटेल तथा सहायक नोडल श्री मुकेश पटेल एवं श्री महेश्वर दास वैष्णव के सफल संचालन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और जनकल्याण के संदेश को केवल प्रशासनिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों और समाज की रचनात्मक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महाविद्यालय परिसर में रंगों से सजी ये रंगोलियां इसी जनभागीदारी की जीवंत अभिव्यक्ति बनीं, जहां विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ के भाव को साकार किया।

