




सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 66 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में संचालित साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह में युवाओं और श्रमिकों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया गया। रविवार को जिले के 66 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में करीब 5,205 नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।
फर्जी नौकरी के नाम पर ठगी से सतर्क रहने की अपील
15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत 13 से 19 सितंबर तक असंगठित क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और श्रमिकों को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।
जिले के थानों, चौकियों, गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीमों ने फर्जी नौकरी के विज्ञापनों, ऑनलाइन जॉब ऑफर, नकली भर्ती एजेंसियों और रजिस्ट्रेशन या वेरिफिकेशन के नाम पर पैसों की मांग करने वाले साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को आकर्षक नौकरी का झांसा देकर पहले रजिस्ट्रेशन, दस्तावेज सत्यापन या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे जमा करवाते हैं। इसके बाद ठगी का शिकार बना लेते हैं। ऐसे किसी भी ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करने की सलाह दी गई।
फिशिंग लिंक पर क्लिक करने से बचें
जागरूकता कार्यक्रमों में लोगों को फिशिंग लिंक के खतरों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि ठग नौकरी, इनाम या अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजकर लोगों को नकली वेबसाइट पर ले जाते हैं।
ऐसे लिंक पर क्लिक करने या निजी और बैंक संबंधी जानकारी दर्ज करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। नागरिकों से अपील की गई कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
रोजगार केंद्रों से जुड़ने की सलाह
पुलिस टीमों ने युवाओं और श्रमिकों को रोजगार कार्यालय, आईटीआई, कौशल विकास केंद्र, श्रमिक सहायता केंद्र और अन्य रोजगारोन्मुख संस्थानों के माध्यम से सुरक्षित रोजगार के अवसरों से जुड़ने की सलाह दी। साथ ही, साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बचने के लिए डिजिटल सावधानियों का पालन करने पर जोर दिया गया।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा, नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क को भी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
साइबर सुरक्षा संदेश: नौकरी पाने के लिए पैसे देने से पहले सत्यापन करें, अनजान लिंक से बचें और अपनी बैंकिंग जानकारी हमेशा गोपनीय रखें।

