
ओडिशा से प्रयागराज जा रही थी गांजे की खेप, कार और मोबाइल सहित लाखों की संपत्ति जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 सितंबर 2026। जिला पुलिस की ए.एन.टी.एफ. (ANTF) टीम और थाना सरिया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.761 किलोग्राम अवैध गांजा, एक टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹8,26,500 है।
थाना सरिया के सामने घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में 12 सितंबर को ए.एन.टी.एफ. और थाना सरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस ने थाना सरिया के सामने मेन रोड पर ग्रे रंग की टोयोटा कार क्रमांक OD 05 N 6165 को रोककर उसमें सवार तीन व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों की पहचान ओडिशा के बरगढ़ जिले के निवासी के रूप में हुई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. श्याम बाबू चौधरी, पिता सीताराम चौधरी, उम्र 28 वर्ष, निवासी मनाबंद, वार्ड नं. 03, थाना/जिला बरगढ़, ओडिशा।
2. विक्की सहनी, पिता जीवत सहनी, उम्र 29 वर्ष, निवासी गोविंदपाली, वार्ड नं. 14, थाना/जिला बरगढ़, ओडिशा।
3. जितेन्द्र चौधरी, पिता सीताराम चौधरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी मनाबंद, वार्ड नं. 03, थाना/जिला बरगढ़, ओडिशा।
कार के बोनट में छिपाकर रखे थे गांजे के पैकेट
पुलिस की तलाशी कार्रवाई में कार के बोनट के अंदर बांधकर रखे गए 10 पैकेटों में कुल 10.761 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के सरिया मार्ग से होते हुए प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, तीनों जेल भेजे गए
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

