ब्लैक स्पॉट, तीखे मोड़, डिवाइडर और पुल-पुलियों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर टेप
सारंगढ़-बिलाईगढ़:- 21 अगस्त 2026
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने एवं रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में यातायात पुलिस सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा विशेष पहल की गई।
अभियान के तहत भारत माता चौक से हार्डी बायपास तक सड़क किनारे स्थित ब्लैक स्पॉट, तीखे मोड़, डिवाइडर, पुल-पुलियों के किनारों तथा बिना लाइट वाले भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाने से रात के समय वाहन चालकों को सड़क की स्थिति, मोड़ एवं संभावित अवरोध दूर से ही स्पष्ट दिखाई दे सकेंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था से वाहन चालकों को संभावित खतरे को समय रहते पहचानने, सतर्क होने तथा वाहन की गति नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इससे रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में सहायता मिलेगी।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा मौके पर वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों को रिफ्लेक्टर टेप के महत्व, सुरक्षित वाहन चालन तथा यातायात नियमों के संबंध में भी जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात्रि में वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सड़क पर लगे रिफ्लेक्टर एवं अन्य यातायात संकेतकों पर विशेष ध्यान दें।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ यातायात पुलिस द्वारा आमजन के सुरक्षित सफर के लिए जागरूकता अभियान एवं सड़क दुर्घटना रोकथाम के ऐसे सुधारात्मक प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।



