सारंगढ़-बिलाईगढ़:-जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय में अपनी पहली प्रेस वार्ता आयोजित कर कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की रूपरेखा साझा की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकार शामिल हुए।
प्रेस वार्ता में एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि जिले में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, अवैध प्रवासियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय जिला पुलिस की प्राथमिकता होगी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं त्वरित विवेचना, प्रभावी अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।


बीट पुलिसिंग होगी और मजबूत
एसपी ने सभी बीट प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने तथा आम नागरिकों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और जनसहभागिता से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

ट्रैफिक व्यवस्था पर सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को पेट्रोल नहीं देने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। वहीं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।
सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा
एसपी ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के सहयोग से सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को साप्ताहिक बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता
प्रेस वार्ता में महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया। सभी थानों में महिला डेस्क को सक्रिय रखने तथा जिला स्तर पर परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों एवं महिलाओं, बच्चों तथा वृद्धजनों से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
आपातकालीन सेवाएं रहेंगी अलर्ट
किसी भी आपातकालीन स्थिति एवं प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जिले में संचालित 10 डायल-112 वाहनों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
टोल फ्री नंबर जारी
बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि अवैध प्रवासियों की सूचना 1800-233-1905 पर तथा नशे से संबंधित सूचना 1933 (मानस पोर्टल) पर देकर पुलिस का सहयोग करें।


प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे, एसडीओपी स्नेहिल साहू, उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस सहित जिले के विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज़ चैनलों एवं वेब पोर्टलों के पत्रकार उपस्थित रहे।
