
सारंगढ़। जिला भाजपा कार्यालय में आज दोपहर विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत सभागार बैठक एवं प्रबुद्ध एवं वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व बीईओ एवं प्राचार्य आर.एस. प्रधान कार्यक्रम संयोजक रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक, केराबाई मनहर, कामद जोल्हे, जगन्नाथ केशरवानी, भुवन मिश्रा, अरुण यादव, वेदराम जांगड़े, दुर्गा ठाकुर, मनोज जायसवाल, दीनानाथ खुंटे, नत्थूलाल केडिया, द्वारका साहू, परमा अग्रवाल, अजय नायक, जयप्रकाश बानी, हरिनाथ खूंटे, प्रकाश अग्रवाल, देवेंद्र रात्रे, जीवन रात्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संयोजक आर.एस. प्रधान के संबोधन से हुई। उन्होंने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राम नाम की महिमा मानव जीवन को संस्कारित एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करती है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय सहित अन्य वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, कार्यशैली तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और नीतियों की सराहना की।
मुख्य अतिथि शिवरतन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का यह लगातार 25वां वर्ष है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे प्रधानमंत्री की सकारात्मक सोच, दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना निहित है।
कार्यक्रम के अंत में समाज के विभिन्न वर्गों से उपस्थित प्रबुद्ध एवं वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

