सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सारंगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का सीधा जुड़ाव आम जनता से रहा है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले विभिन्न योजनाओं की राशि लाभार्थियों तक पहुंचने में कई स्तरों पर बंट जाती थी, लेकिन प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था लागू होने के बाद राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की मजबूत सुरक्षा रणनीतियों और सैन्य सशक्तिकरण के कारण भारत की स्थिति विश्व स्तर पर मजबूत हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों लोगों को आवास एवं शौचालय सुविधा मिलने की बात भी कही।
प्रदेश मंत्री ने बताया कि आयकर सीमा में वृद्धि से मध्यम एवं लघु वर्ग को राहत मिली है। महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आरक्षण, भाजपा शासित राज्यों में संचालित महतारी वंदन जैसी योजनाएं, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, रेलवे एवं हवाई अड्डा विकास तथा डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई में भारत की अग्रणी भूमिका सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य अल्पसंख्यक मोर्चा नजमा अजीम, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, विद्या सिदार, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, बेदराम जांगड़े, द्वारका साहू, भुवन मिश्रा, अरुण यादव, गुड्डू हरिनाथ खूंटे, निखिल केशरवानी, अजय नायक, प्रकाश अग्रवाल, दिनेश जांगड़े, चिंता साहू, शिवम चंद्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष द्वारा जिले में पर्यटन सूचना केंद्र की स्थापना हेतु प्रस्ताव भेजने की मांग रखी गई, जिस पर हर्षिता पाण्डेय ने तत्काल पहल कर केंद्र खुलवाने का आश्वासन दिया।

