सारंगढ़(रेडा) रायगढ़ से सारंगढ़ आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार रेड़ा के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, चालक ने सड़क पर अचानक सामने आए एक व्यक्ति को बचाने के लिए तेजी से ब्रेक लगाया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से जा टकराई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में सवार लोगों की कुशलक्षेम जानी।
बताया जा रहा है कि कार में पति-पत्नी और उनका एक छोटा बच्चा सवार था। दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में रामलाल जायसवाल के पुत्र विक्की जायसवाल एवं बहू सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि वाहन की गति अधिक होती या उस समय सड़क पर अन्य वाहन मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना के बाद स्थिति सामान्य है और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।





