सारंगढ़-बिलाईगढ़। पीवी ऐप की व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का निराकरण नहीं होने, पटवारियों पर की जा रही कार्रवाई और लंबित मांगों को लेकर राजस्व पटवारी संघ सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सदस्य आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। इससे राजस्व कार्य प्रभावित होने और नागरिकों को परेशानी होने की आशंका है।
संघ के अनुसार, पीवी ऐप के माध्यम से फसल के भौतिक सत्यापन में आ रही समस्याओं से शासन एवं विभाग को पहले ही अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं हुआ। संघ ने ऐप के बहिष्कार को लेकर विभिन्न जिलों में पटवारियों के स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस और निलंबन की कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई है।
पटवारियों का कहना है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन, किसान पंजीयन, जनगणना, लघु सिंचाई संगणना, रेलवे व राष्ट्रीय राजमार्ग सर्वे सहित कई कार्यों की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
संघ ने वर्षों से लंबित वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के निराकरण के साथ कथित दंडात्मक कार्रवाइयों को वापस लेने की मांग की है। प्रदेश संगठन द्वारा आयुक्त, भू-अभिलेख को भी ज्ञापन सौंपा गया है। मांगों पर समाधान नहीं होने के बाद संघ ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया है।
