शादी के एक माह बाद शुरू हुई प्रताड़ना, पुलिस और सखी वन स्टॉप सेंटर के समन्वय से प्रकरण का निराकरण
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 अक्टूबर 2026। जिले में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक महिला को सखी वन स्टॉप सेंटर की पहल से विवाह में प्राप्त सामान वापस दिलाया गया। महिला के अनुसार, शादी के एक माह बाद ही पति ने स्कूटी की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। बाद में वह मायके से प्रतिमाह 20 हजार रुपये मांगने लगा और महिला को मायके जाने से भी रोकता था।
लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से परेशान महिला ने पति से अलग रहने तथा अपना सामान वापस पाने की मांग की। सखी वन स्टॉप सेंटर ने काउंसलिंग के माध्यम से पति को समझाइश दी। इसके बाद पुलिस विभाग और केंद्र की संयुक्त टीम ने दोनों पक्षों की सहमति से महिला को उसका सामान वापस दिलाया।
महिला संरक्षण अधिकारी विभा बख्शी के अनुसार, केंद्र में वर्ष 2025 से 2026 तक कुल 104 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 86 का निराकरण किया जा चुका है। केंद्र पीड़ित महिलाओं को परामर्श, सुरक्षा और संबंधित विभागों के सहयोग से सहायता उपलब्ध करा रहा है।
