
बी-इनक्यूब और बिजनेसगढ़ की पहल से दो माह में चार कार्यशालाएं, युवाओं को नवाचार और उद्यमिता की जानकारी
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में बी-इनक्यूब इन्क्यूबेशन सेंटर और बिजनेसगढ़ के संयुक्त प्रयास से सितंबर-अक्टूबर में चार स्टार्टअप जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इनमें 243 विद्यार्थी लाभान्वित हुए।
गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज और एलसीआईटी सहित विभिन्न संस्थानों में आयोजित कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को 3D प्रिंटिंग, स्टार्टअप की प्रक्रिया और इन्क्यूबेशन सेंटर की भूमिका की जानकारी दी गई। साथ ही नए विचारों को व्यवसाय में बदलने और रोजगार सृजन के अवसरों से अवगत कराया गया।
बिजनेसगढ़ के संस्थापक डॉ. डोमेंद्र सिंह गंजीर ने कहा कि जिला प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और इन्क्यूबेशन सेंटर के समन्वय से युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। आगे भी बी-इनक्यूब और बिजनेसगढ़ के माध्यम से विद्यार्थियों को स्टार्टअप से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य के उद्यमी के रूप में तैयार करने के प्रयास जारी रहेंगे।
