सारंगढ़-बिलाईगढ़। करीब दो साल पहले परिवार से बिछड़ा 8 वर्षीय कमलेश निषाद मध्यप्रदेश के सुसनेर स्थित अनाथालय में मिला। कनकबीरा पुलिस की पहल और आर्थिक सहयोग से मासूम अपने परिजनों के पास लौट आया। बेटे को वापस पाकर परिवार की आंखें नम हो गईं।
ग्राम घठोरा निवासी लक्ष्मण निषाद का पुत्र कमलेश करीब दो वर्ष पहले भटककर परिवार से दूर हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। अनाथालय में उसके सुरक्षित होने की जानकारी मिलने पर कनकबीरा चौकी प्रभारी रामकुमार मानिकपुरी ने परिजनों और अनाथालय के बीच समन्वय स्थापित किया। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आर्थिक सहायता देकर उन्हें बच्चे को लाने के लिए रवाना किया।
इस दौरान स्थानीय निवासी चक्रधर पटेल ने कमलेश की पढ़ाई-लिखाई की पूरी जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में हुई इस पहल को जरूरतमंदों की सहायता और मानवीय संवेदना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि कोई बच्चा भटका हुआ या असुरक्षित अवस्था में मिले, तो तत्काल नजदीकी थाने को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।
