
सारंगढ़-बिलाईगढ़। बरमकेला पुलिस ने ग्राम कनकीडीपा मेन रोड पर चेकिंग के दौरान 4 किलो गांजा के साथ मध्य प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से गांजा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल सहित कुल 2.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को एमसीपी चेकिंग के दौरान बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर हरे रंग के थैले में चार पैकेट गांजा मिला। जब्त गांजे की कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद इदरीश (26) और श्रीकांत सोनी (19), निवासी ग्राम बिजहा, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के सोनपुर से मध्य प्रदेश गांजा ले जा रहे थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में की गई।
