
सारंगढ़-बिलाईगढ़। बरमकेला थाना क्षेत्र के चांटीपाली जंगल स्थित वॉच टॉवर के पास पुरुष एवं महिला से लूटपाट के मामले में फरार आरोपी को बरमकेला पुलिस ने रायगढ़ जिले के गेरवानी प्लांट से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से शेष ₹1,500 नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
लगातार पतासाजी के बाद आरोपी पकड़ाया
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बरमकेला में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 296, 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
पतासाजी के दौरान आरोपी के रायगढ़ जिले के गेरवानी प्लांट में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद थाना प्रभारी ए.के. बेक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गजानंद निषाद (27 वर्ष), पिता संजय निषाद, निवासी ग्राम मल्दा, थाना सारंगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
₹5,300 की लूट में से ₹1,500 बरामद
पुलिस के अनुसार, लूट की कुल रकम ₹5,300 थी, जिसमें से शेष ₹1,500 नकद आरोपी के कब्जे से बरामद किए गए। घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 9 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल एवं डीएसपी गोविंद दीवान के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना बरमकेला के स्वतंत्र प्रभार पीएसआई भारती, उप निरीक्षक ए.के. बेक, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर पंडा, आरक्षक खिलावन बघेल, थाना बरमकेला के अन्य स्टाफ तथा साइबर सेल सारंगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
