कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त भंडारण और समय-सीमा में वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सितंबर एवं अक्टूबर 2026 के खाद्यान्न वितरण की समय-सीमा बढ़ा दी है।
शासन के निर्देशानुसार सितंबर माह के लिए जारी खाद्यान्न का वितरण अब 15 अक्टूबर 2026 तक तथा अक्टूबर माह के खाद्यान्न का वितरण 30 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त खाद्यान्न का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रतानुसार खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री का वितरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान संचालकों से कहा है कि राशन वितरण के दौरान पात्र हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा शासन द्वारा बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ सभी संबंधित हितग्राहियों को मिले।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

