


खेलभाठा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने तकनीकी सतर्कता, एसपी ने 1930 पर तत्काल शिकायत की दी सलाह
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 सितंबर 2026। 11वें आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग, प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के साथ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोय साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री ऋषिकेश तिवारी, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती संतोषी ग्रेस, एसडीओपी सारंगढ़ श्री गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित सारंगढ़ एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
योग के साथ साइबर सतर्कता का संदेश
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोय साहू ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग एवं प्राणायाम बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति भी सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के विकास के साथ साइबर अपराधी तकनीकी कमजोरियों का फायदा उठाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में नागरिक अपनी निजी एवं संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और डिजिटल लेन-देन में विशेष सावधानी बरतें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत: एसपी
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने एटीएम कार्ड की जानकारी, यूपीआई पिन, पासवर्ड एवं अन्य निजी दस्तावेजों की जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी।
उन्होंने फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल एवं मैसेज तथा पैसा दोगुना करने जैसे लुभावने ऑफरों से सावधान रहने की अपील की। एसपी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है, तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को रोकने एवं आगे की कार्रवाई के लिए समय रहते प्रयास किया जा सके।
2 अक्टूबर तक जारी रहेगा साइबर जागृति अभियान
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशभर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक व्यापक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के विभिन्न चरणों में साइबर अपराधों के अलग-अलग स्वरूपों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
अभियान के छठे चरण में इस सप्ताह फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को फंसाने एवं ठगी करने के प्रयासों के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।
एसडीओपी दीवान ने वरिष्ठ नागरिकों को किया जागरूक
एसडीओपी सारंगढ़ श्री गोविंद दीवान ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी सतर्कता अपनाकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने साइबर घटना होने पर बिना संकोच नजदीकी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की।
कार्यक्रम के अंत में रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा ने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों को साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा पैसा दोगुना करने का प्रलोभन देने वाली योजनाओं में अपनी जमा पूंजी नहीं लगाने की अपील की।

