

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देश पर जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के पांचवें सप्ताह में पुलिस ने युवाओं और श्रमिकों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों से बचाव के लिए जागरूक किया।
अभियान के तहत 13 से 19 सितंबर तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, पुलिस चौकियों, गांवों, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों और हाट-बाजारों सहित 62 स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 4513 से अधिक लोगों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
नौकरी के नाम पर ठगी से सावधान
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग बेरोजगारी और आर्थिक जरूरत का फायदा उठाकर फर्जी नौकरी का झांसा देते हैं। नामी कंपनियों के नाम पर नकली नियुक्ति पत्र और ईमेल भेजकर रजिस्ट्रेशन फीस, ट्रेनिंग शुल्क या अन्य बहाने से पैसे मांगे जाते हैं। पुलिस ने युवाओं से नौकरी का ऑफर मिलने पर संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से सत्यापन करने की अपील की।
फर्जी लोन ऐप और OTP ठगी से भी रहें सतर्क
जागरूकता कार्यक्रमों में लोगों को फर्जी लोन ऐप, KYC अपडेट के नाम पर भेजे जाने वाले लिंक, OTP, QR कोड और UPI से जुड़ी ठगी के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पैसा प्राप्त करने के लिए OTP, UPI PIN बताने या QR कोड स्कैन करने की आवश्यकता नहीं होती।
लोगों से अपील की गई कि वे अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें, भले ही वह किसी परिचित के नाम से WhatsApp पर क्यों न आई हो। OTP, PIN, पासवर्ड और CVV किसी के साथ साझा न करें।
रोजगार के लिए अपनाएं सुरक्षित माध्यम
पुलिस ने युवाओं और श्रमिकों को रोजगार के लिए सरकारी एवं अधिकृत माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी। रोजगार कार्यालय के पोर्टल पर पंजीयन, कौशल उन्नयन योजनाओं, रोजगार मेलों और श्रम विभाग के शिविरों के माध्यम से वैध रोजगार के अवसरों की जानकारी लेने की अपील की गई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने नागरिकों को बताया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन वित्तीय ठगी हो जाती है तो घबराएं नहीं और तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। साइबर अपराध की शिकायत cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है।
पीड़ितों से लेन-देन के स्क्रीनशॉट, संदिग्ध मोबाइल नंबर, मैसेज और बैंक लेन-देन से संबंधित जानकारी सुरक्षित रखने तथा तत्काल अपने बैंक को सूचना देने की अपील की गई।
पुलिस की अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, लोन या किसी अन्य आकर्षक ऑनलाइन ऑफर के नाम पर अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाना, साइबर हेल्प डेस्क या 1930 पर संपर्क करें।
सावधानी ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

