
राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित शिक्षिका सुनीता यादव सहित खेल प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, 41 स्थानों पर 4,165 लोगों को साइबर सुरक्षा की जानकारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 सितंबर 2026। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में “सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट-26” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के माध्यम से आम जनता को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित इंटरनेट के प्रति जागरूक करना था। जिले के प्रमुख सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पुलिस प्रशासन की इस पहल का समर्थन किया।
राष्ट्रपति से सम्मानित शिक्षिका सहित खेल प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सम्मानित किया। इनमें हाल ही में महामहिम राष्ट्रपति के हाथों “बेस्ट शिक्षिका” पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती सुनीता यादव तथा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पंकज विक्रम अवॉर्ड और छत्तीसगढ़ शासन के शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार से सम्मानित रीना रॉय एवं करण भारती शामिल रहे।
“सोशल मीडिया जन-जन तक पहुंचने का सबसे ताकतवर माध्यम”
सोशल मीडिया क्रिएटर्स से संवाद करते हुए एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया आज के समय में जन-जन तक पहुंचने का सबसे ताकतवर माध्यम है। यदि कंटेंट क्रिएटर्स जिम्मेदारी के साथ साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां साझा करें, तो जिले में साइबर अपराधों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बैठक में साइबर ठगी से बचाव के लिए ओटीपी और बैंक पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने, लॉटरी एवं पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर आने वाले फर्जी लिंक से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस और क्रिएटर्स के बीच मजबूत समन्वय पर जोर
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस प्रशासन और सोशल मीडिया क्रिएटर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी रहा, ताकि साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। एसपी ने सभी क्रिएटर्स से अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव मांगे। क्रिएटर्स द्वारा दिए गए सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर श्रीमती सुनीता यादव ने भी स्मार्टफोन में मजबूत पासवर्ड रखने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की जानकारी साझा की। उन्होंने साइबर ठगी के प्रयासों से जुड़े अपने अनुभव भी बताए।
41 स्थानों पर 4,165 लोगों को किया गया जागरूक
साइबर जागरूकता अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों और चौकियों के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों सहित 41 प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कुल 4,165 नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान “स्मार्टफोन की प्राइवेसी और सुरक्षित इंटरनेट” विषय पर लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस प्रशासन ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने साइबर जागरूकता अभियान में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया। एसपी सुनील शर्मा ने सभी से अपील की कि वे साइबर सुरक्षा से संबंधित उपयोगी कंटेंट तैयार कर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा करें, ताकि जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंच सके।






