अनियमितता मिलने पर संदिग्ध कीटनाशक सामग्री जब्त, नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई
जिले में अब तक 46 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण, 22 को नोटिस, 11 लाइसेंस निरस्त और 9 केंद्रों पर विक्रय प्रतिबंध
सारंगढ़-बिलाईगढ़, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक रासायनिक कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा कीटनाशक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने विभागीय टीम के साथ जिले के विभिन्न कीटनाशक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर तीन विक्रय केंद्रों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कीटनाशक सामग्री जब्त की गई और विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स उन्नत कृषि सेवा केंद्र, भटगांव में अवसान तिथि समाप्त हो चुके कीटनाशकों का प्रदर्शन, भंडारण एवं वितरण किया जाना पाया गया। साथ ही प्रतिष्ठान द्वारा बिना वैध लाइसेंस के कीटनाशकों का विक्रय किए जाने की भी जानकारी मिली। इस पर विभागीय टीम द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार मेसर्स उमा कृषि केंद्र, जमगहन के निरीक्षण में कीटनाशी अधिनियम, 1968 एवं संबंधित नियमों के प्रावधानों का पालन किए बिना व्यवसाय संचालित किया जाना पाया गया। विभागीय टीम ने संबंधित कीटनाशक सामग्री को जब्त करते हुए प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया है।
वहीं, मेसर्स पुष्पराज केशरवानी के भटगांव स्थित विक्रय केंद्र के निरीक्षण के दौरान तीन कंपनियों की मिसब्रांडेड कीटनाशक सामग्री पाई गई। विभाग द्वारा उक्त सामग्री को जब्त कर उसके विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है। संबंधित कंपनियों यूनाइटेड पेस्टिसाइड रायपुर प्रा. लिमि., इन्सेक्टिसाइड (इंडिया) लिमि. एवं शनमुखा एग्रिटेक लिमि. के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रकरण वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा।
जिले में अब तक 46 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण
कृषि विभाग द्वारा जिले में कीटनाशक विक्रय केंद्रों की सतत जांच एवं निगरानी की जा रही है। अब तक जिले के कुल 46 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 22 विक्रय केंद्रों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं 11 लाइसेंस निरस्त किए गए हैं तथा 9 कृषि केंद्रों पर कीटनाशक विक्रय प्रतिबंध की कार्रवाई की गई है।
उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने जिले के किसानों से अपील की है कि रासायनिक कीटनाशक खरीदते समय उत्पाद की अवसान तिथि अर्थात एक्सपायरी डेट का अनिवार्य रूप से परीक्षण करें। उन्होंने किसानों से केवल अधिकृत एवं वैध लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही कीटनाशक खरीदने की अपील की है, ताकि गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों का उपयोग सुनिश्चित हो सके।
औचक निरीक्षण के दौरान कीटनाशी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, मायाशंकर जोल्हे एवं बीटीएम प्रकाश कुमार थवाईत उपस्थित रहे।





