9 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका, निर्धारित समय के बाद आवेदन नहीं होंगे स्वीकार
सारंगढ़, 2 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस सूची सर्वे-2018 एवं स्थायी प्रतीक्षा सूची के आधार पर जिले के समस्त जनपद पंचायतों से नियमानुसार अपात्र पाए गए हितग्राहियों की सूची तैयार की गई है।
ग्राम सभा के प्रस्ताव एवं जनपद पंचायत की कार्यवाही के बाद प्राप्त अभिमत के आधार पर तैयार की गई अपात्र हितग्राहियों की सूची को जिला कार्यालय, संबंधित जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है।
9 सितंबर तक प्रस्तुत कर सकते हैं दावा-आपत्ति
जिला पंचायत कार्यालय द्वारा संबंधित हितग्राहियों एवं उनके परिवारों को सूची के संबंध में अपना पक्ष रखने के लिए दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।
इच्छुक हितग्राही 9 सितंबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक जनपद पंचायत कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय अथवा संबंधित ग्राम पंचायत में उपस्थित होकर अपना दावा-आपत्ति आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
समय सीमा का रखें विशेष ध्यान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित 9 सितंबर 2026, शाम 5:30 बजे के बाद प्राप्त होने वाले दावा-आपत्ति संबंधी आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित हितग्राहियों से समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।
