“
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने अभियान के आधिकारिक पोस्टर एवं ‘सेल्फी QR’ का किया विमोचन।

जिले भर में 07 चरणों में संचालित होगा व्यापक जनजागरूकता अभियान।

‘सेल्फी QR’ पहल के माध्यम से आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने तथा आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” संचालित किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा द्वारा अभियान के आधिकारिक पोस्टर एवं ‘सेल्फी QR कोड’ का विमोचन किया गया।
अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया एवं जनसंपर्क के विभिन्न माध्यमों से “साइबर जागृति की एक सेल्फी” पहल को जन-जन तक पहुँचाना तथा नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। ‘सेल्फी QR’ के माध्यम से आम नागरिक अभियान से जुड़कर अपनी सहभागिता भी दर्ज करा सकेंगे।
समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुँचाने के लिए अभियान को 07 चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में डिजिटल सतर्कता एवं साइबर सुरक्षा की मूलभूत जानकारी दी जाएगी। द्वितीय चरण में UPI सुरक्षा एवं ऑनलाइन भुगतान संबंधी धोखाधड़ी से बचाव, तृतीय चरण में फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन फ्रॉड, चतुर्थ चरण में स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउज़िंग, तथा पंचम चरण में फिशिंग एवं साइबर ठगी से बचाव के विषय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छठवें एवं सातवें चरण में डेटा प्राइवेसी, साइबर सुरक्षा तथा ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 (गांधी जयंती) को होगा।
अभियान के दौरान जिला पुलिस एवं थाना प्रभारियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों, पार्कों, बाजारों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर पोस्टर-बैनर एवं QR कोड के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने जिले के पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने समाचार माध्यमों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में सहयोग करें, ताकि प्रत्येक नागरिक डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं जागरूक बन सके।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, एसडीओपी श्री गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के वरिष्ठ पत्रकारगण उपस्थित रहे।



