13 से 18 जुलाई तक एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण सप्ताह
सारंगढ़-बिलाईगढ़, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी पालकों, माता-पिता से अपील की है कि, वे 13 से 18 जुलाई 2026 तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले बीमारियों के बचाव के लिए आयोजित विशेष एचपीवी टीकाकरण सप्ताह के दौरान अपने 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की सभी पात्र बेटियों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र, प्राथमिक, सामुदायिक और जिला अस्पताल या विद्यालय में ले जाकर वैक्सीन अवश्य लगवाएँ।
यह वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) एवं ब्रेष्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का एक सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक उपाय है। शासन द्वारा यह टीका पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर ने अनुरोध किया कि किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें। अपनी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण अवश्य कराएँ तथा इस जन-जागरूकता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ। आइए, हम सभी मिलकर अपनी बेटियों को एक स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का उपहार दें। एक टीका — सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का मजबूत कवच। स्वस्थ बेटी, सुरक्षित भविष्य।
