सारंगढ़ बिलाईगढ़ :-सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को थाना सारंगढ़ पुलिस द्वारा आत्मानंद स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों एवं शिक्षकों को नए आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि नई आपराधिक न्याय व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर, महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में कड़े प्रावधान तथा समयबद्ध जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा पर विशेष जानकारी देते हुए ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लॉटरी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में छात्रों को जागरूक किया गया।
प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक चंचल सोनवानी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित अभिव्यक्ति ऐप, एसओएस फीचर, महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112, सखी सेंटर तथा महिला परामर्श केंद्र की सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला संबंधी मामलों में पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की व्यवस्था है।
कार्यक्रम के अंत में नशामुक्ति का संदेश देते हुए युवाओं और शिक्षकों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक चंचल सोनवानी, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, आत्मानंद स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





