
सारंगढ़-बिलाईगढ़,
सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai गुरुवार दोपहर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम भीखमपुरा स्थित महादेव नगर सपेरा बस्ती पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां वर्षों से झुग्गी-झोपड़ियों में रहकर सपेरा का पारंपरिक कार्य करने वाले आदिवासी समुदाय के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें मिल रही शासकीय सुविधाओं का जायजा लिया।
करीब 35-40 वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित इस बस्ती के 65 परिवारों को राज्य सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर नया जीवन देने का प्रयास किया है। इनमें प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वृद्धा पेंशन, महतारी वंदन योजना, पेयजल सुविधा, सीसी सड़क और पक्की नाली जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 65 परिवारों में से 50 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। आवास निर्माण अंतिम चरण में है और जल्द ही सभी परिवार नए घरों में रह सकेंगे। साथ ही उन्होंने इन मकानों की छतों पर सौर ऊर्जा की सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
बस्ती के लगभग 60 परिवारों के राशन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह खाद्यान्न मिल रहा है। पेयजल समस्या के समाधान के लिए फरवरी में बोर खनन कराया गया है तथा जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर में नल कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
महिलाओं को आर्थिक संबल देने के लिए 62 परिवारों की महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। वहीं बुजुर्गों को वृद्धा पेंशन और सभी परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाकर 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा सुनिश्चित की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 13 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क तथा लगभग 8 लाख रुपये की लागत से पक्की नाली का निर्माण कराया गया है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को सपेरा बस्ती के लोगों ने अपने जीवन में बदलाव की नई शुरुआत बताया। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित परिवार अब पक्के आवास और सरकारी योजनाओं के लाभ के साथ सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।


इस दौरान वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पूर्व विधायक डॉ.जवाहर नायक एवं केराबाई मनहर, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, महामंत्री अमित तिवारी, उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, समीर ठाकुर, प्रकाश अग्रवाल हरिनाथ खूंटे, सहित अन्य कई भाजपाईयों व अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति रही ।पत्ररारों के सांरगढ में रेल लाईन के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी इंतजार करते रहिए।

