ई-ऑफिस, पीएम आवास, सूर्यघर, एग्रीस्टेक, पेट्रोल डीजल आपूर्ति, खाद बीज और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 मई 2026/कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और सभी विभागों के लंबित प्रकरणों एवं पेंडिंग फाइलों को जल्द से जल्द निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।आमजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की बात कही।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को फाइलों में डिजिटल हस्ताक्षर करने तथा ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही फाइलों का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की डिजिटल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है, जिससे कार्यों में तेजी आए और अनावश्यक विलंब की स्थिति समाप्त हो। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएं। अधिकारी नियमित निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। तहसीलदार एवं खाद्य विभाग के अधिकारी पेट्रोल पम्प और कालाबाजारी करने वालों की नियमित जांच करें।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाए। उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार एवं आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए अधूरे एवं बंद पड़े आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए कार्यों में तेजी लाई जाए।

