
सारंगढ़-बिलाईगढ़/हरदी। राजस्व पखवाड़ा के तहत ग्राम हरदी में आयोजित राजस्व पटवारी शिविर में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। शिविर में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीणजन, सरपंच, सचिव, ग्राम सेवक एवं पटवारी की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे पूरे आयोजन का संचालन व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, सीमांकन, नामांतरण (फौती), आधार से संबंधित सुधार एवं अन्य राजस्व प्रकरणों के लिए कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर दिया गया, जिससे हितग्राहियों को तत्काल राहत मिली और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर उनके लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं, क्योंकि अब उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। वहीं, सरपंच, सचिव एवं ग्राम सेवक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे भविष्य में भी अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाएं।

शिविर बना राहत का माध्यम, प्रशासन की पहल सराहनीय
